समय के प्रवाह में कुछ स्मृतियाँ धुंधली हो जाती हैं, लेकिन कुछ अनुभव ऐसे होते हैं जो वर्षों बाद भी मन के किसी कोने में जीवंत रहते हैं। आज से लगभग चार वर्ष पूर्व, नवम्बर 2021 की वह रविवार की सुबह मुझे आज भी स्पष्ट याद है। वह एक अनूठे बोध की शुरुआत थी।
उस सुबह नींद खुलते ही मन में बार-बार विष्णु सहस्रनाम के ध्यान भाग का वह प्रसिद्ध श्लोक गूँज रहा था:
शांताकारं भुजगशयनं पद्मनाभं सुरेशम्।
विश्वाधारं गगन सदृशं मेघवर्णं शुभांगम्।
लक्ष्मीकांतं कमलनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यम्।
वंदे विष्णुं भवभयहरं सर्वलोकैक नाथम्॥
कोविड की लंबी विपदा के बाद मन्दिर जाने का अवसर नहीं बन पाया था, पर कुछ दिनों पहले टोरंटो के मन्दिर खुल चुके थे। हृदय की प्रेरणा मुझे निकटवर्ती विष्णु मन्दिर ले गई। वहाँ प्रभु के दर्शन किए, कुछ चित्र लिए और घर लौटकर उन्हें फेसबुक पर साझा किया। श्लोक को मैंने अपने पुराने डिजिटल नोट्स से कॉपी करके पोस्ट में डाल दिया।
लेकिन जब मैंने अपनी ही पोस्ट को दोबारा पढ़ा, तो कुछ ‘अनजाना’ सा लगा। ध्यान से देखा तो एक शब्द बदल गया था। श्लोक में ‘योगिभिर्ध्यानगम्यम्’ की जगह ‘योगिभिर्ज्ञानगम्यम्’ लिखा हुआ था।
शुरुआत में मुझे लगा कि यह टाइपिंग की कोई मानवीय भूल होगी। पर जब मैंने अपने वर्षों पुराने नोट्स देखे, तो वहाँ भी यही ‘त्रुटि’ मौजूद थी। मन में प्रश्न उठा — यह कैसे संभव है? बचपन से जिसे ‘ध्यानगम्य’ (ध्यान से प्राप्त होने वाले) सुना और पढ़ा, वह मेरे लेखन में ‘ज्ञानगम्य’ (ज्ञान से प्राप्त होने वाले) कैसे बन गया?
भक्ति और ज्ञान का सुंदर समन्वय
जब मैंने इस पर विचार किया और शास्त्रों को खंगाला, तो पता चला कि इस श्लोक के वास्तव में दो पाठान्तर (versions) सदियों से चले आ रहे हैं।
- भक्ति मार्ग के अनुयायी प्रभु को ‘ध्यानगम्य’ कहते हैं — जो हृदय की स्थिरता और मौन में मिलते हैं।
- ज्ञान मार्ग के पथिक उन्हें ‘ज्ञानगम्य’ कहते हैं — जो विवेक और तत्त्व-बोध के माध्यम से समझ में आते हैं।
उस रात सोते समय मन में उद्धव और सुदामा के संवाद गूँजते रहे। मुझे महसूस हुआ कि यह कोई संयोग नहीं, बल्कि प्रभु की ही कृपा थी। एक ओर संत कबीर जैसे ‘ज्ञानाश्रयी’ कवि हैं जिन्होंने कभी कागज-कलम को हाथ नहीं लगाया, फिर भी ज्ञान के शिखर बने। दूसरी ओर गोस्वामी तुलसीदास जी हैं, जिन्होंने समस्त शास्त्रों और पुराणों का सार रचने के बाद भी केवल ‘भक्ति’ को ही अपना एकमात्र आधार माना।
“Swa-anubhoot gyan aur dhyan ka yahi milan humein us sthiti ki or le jaata hai jise maine apne Kaivalya aur Atmabodh ki yatra mein vistar se samjhaya hai.”
छल या अनुग्रह?
सोचते-सोचते मुझे वर्षों पहले लिखी अपनी दो पंक्तियों की स्मृति हो आई, जो आज इस संदर्भ में और भी गहरी लगने लगीं:
चलना सीखने पर पता भी नहीं चला
आज एक कदम चलाके दिल गुमाँ से भर रहे हो हे राम!
तब छला था या आज छल रहे हो?
जब हम छोटे थे, तो बिना ‘गुरुत्वाकर्षण’ या ‘संतुलन’ के विज्ञान को जाने चलना सीख गए। वह एक सहज बोध था, एक ‘ध्यान’ था। आज जब हम तर्क, गणित और ज्ञान के सहारे एक-एक कदम की व्याख्या करने की कोशिश करते हैं, तो हमारा हृदय ‘गुमाँ’ (गर्व) से भर जाता है।
शायद वह सहज चलना ही सत्य था, और आज का यह तर्कपूर्ण अहंकार ही असली ‘छल’ है।
Logic Works Locally: स्थानीय तर्क और वैश्विक सत्य
सच्चाई यह है कि हमारा तर्क केवल एक सीमित दायरे में काम करता है। हम अपनी बुद्धि के छोटे से घेरे में सब कुछ सिद्ध करना चाहते हैं, जबकि सत्य उस घेरे से कहीं बड़ा है।
जिस तरह चलना सीखने के लिए किसी प्रयोगशाला की नहीं, बल्कि एक आंतरिक भरोसे की आवश्यकता थी, वैसे ही परमात्मा तक पहुँचने के लिए ज्ञान की सीढ़ी तो हो सकती है, पर अंतिम छलाँग ‘ध्यान’ या समर्पण की ही होती है।
विशेष नोट
इस विचार का एक विस्तृत और वैज्ञानिक पक्ष — कि कैसे Logic Works Locally (तर्क केवल स्थानीय स्तर पर कार्य करता है) — मैंने अपने दूसरे लेख “Logic Works Locally and Proofs Fail Globally: Invariance and Knowledge” में प्रस्तुत किया है।
यदि आप इस विषय के गणितीय और दार्शनिक विस्तार को समझना चाहते हैं, तो यहाँ क्लिक करके पढ़ सकते हैं।
आगे की व्याख्या
यहाँ प्रस्तुत विचारों को मैंने एक सहायक पेपर में औपचारिक रूप से विकसित किया है, जहाँ invariance (स्थायित्व/अचलता) को केवल रूपक नहीं बल्कि सांरचनिक मानदंड के रूप में लिया गया है। इस पेपर में गणितीय, ध्यानात्मक और ज्ञानमीमांसीय (epistemological) क्षेत्रों का समानांतर विश्लेषण किया गया है।
जो पाठक इन दावों का सुसंगठित और कठोर पुनर्निर्माण पढ़ना चाहते हैं, वे निम्नलिखित स्रोत देख सकते हैं:
- Pranava Kumar Jha, “Mathematics as Contemplative Science: On the Structural Similarity Between Mathematical and Spiritual Inquiry” (Zenodo preprint)
- इस विषय का चित्रात्मक अवलोकन ऑनलाइन यहाँ उपलब्ध है।
वर्तमान निबंध को एक सहज प्रवेश बिंदु के रूप में पढ़ा जाना चाहिए; प्रीप्रिंट में इस विचार का पूर्ण औपचारिक ढाँचा उपलब्ध है।